भारत सरकार द्वारा मान्यता पूर्वांचल की विरासत  |  हिंदी साप्ताहिक अख़बार RNI: UPHIND/26/A4139

आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ी; जानें नई डेडलाइन

Generic placeholder image
  Brajesh Mishra

राष्ट्रीय मुक्त शिक्षा संस्थान (एनआईओएस) ने NIOS Bridge Course 2026 के लिए आवेदन करने वाले शिक्षकों को बड़ी राहत दी है। संस्थान ने ब्रिज कोर्स के लिए रजिस्ट्रेशन पोर्टल दोबारा खोल दिया है। ऐसे पात्र शिक्षक, जो किसी कारणवश पहले आवेदन नहीं कर सके थे, वे अब 19 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। एनआईओएस ने साफ किया है कि इस बार तय समयसीमा के बाद आवेदन की अंतिम तिथि में कोई और बढ़ोतरी नहीं की जाएगी।

इससे पहले आवेदन की अंतिम तिथि 30 अप्रैल 2026 निर्धारित थी। हालांकि, शिक्षकों और विभिन्न संगठनों की मांग को देखते हुए एनआईओएस ने अभ्यर्थियों को एक और मौका देने का फैसला किया है। ऐसे में योग्य उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना जल्द से जल्द आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें।

ऐसे करें ऑनलाइन आवेदन

आवेदन के लिए सबसे पहले एनआईओएस ब्रिज कोर्स की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। वहां उपलब्ध रजिस्ट्रेशन लिंक पर क्लिक कर नया पंजीकरण करें। इसके बाद लॉग इन करके आवेदन पत्र में मांगी गई सभी जानकारी सावधानीपूर्वक भरें। आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने के बाद निर्धारित शुल्क जमा करें और आवेदन सबमिट कर दें। भविष्य के लिए आवेदन पत्र की एक प्रिंट कॉपी या पीडीएफ सुरक्षित रखना न भूलें।

आवेदन के लिए किन दस्तावेजों की होगी जरूरत?

रजिस्ट्रेशन से पहले अभ्यर्थियों को सभी जरूरी दस्तावेज तैयार रखने चाहिए। इनमें पासपोर्ट साइज रंगीन फोटो, हस्ताक्षर, बी.एड. की मार्कशीट या डिग्री प्रमाण पत्र, नियुक्ति पत्र तथा स्कूल के प्रधानाचार्य द्वारा हस्ताक्षरित स्व-घोषणा पत्र शामिल हैं। आवेदन स्वीकार होने के लिए सभी दस्तावेज स्पष्ट और सही प्रारूप में होने चाहिए।

क्या है ब्रिज कोर्स का उद्देश्य?

यह छह महीने का ब्रिज कोर्स प्राथमिक विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों के लिए तैयार किया गया है। इसका उद्देश्य शिक्षकों की पेशेवर दक्षता बढ़ाना, उन्हें नई शिक्षण तकनीकों से परिचित कराना और कक्षा शिक्षण को अधिक प्रभावी बनाना है।

एनआईओएस के अनुसार, अभ्यर्थियों को कोर्स शुरू होने की तारीख से एक वर्ष के भीतर इसे पूरा करना अनिवार्य होगा। यदि कोई शिक्षक निर्धारित अवधि में कोर्स पूरा नहीं करता है, तो उसकी नियुक्ति की वैधता प्रभावित हो सकती है। इसलिए योग्य अभ्यर्थियों को समय पर आवेदन करने और तय समयसीमा में कोर्स पूरा करने की सलाह दी गई है।

Comment As:

Comment (0)